एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत को लेकर भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी चारों तक घिर चुकी है। प्रतिदिन हत्या की वारदातों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिद्धू, मनजिंदर सिरसा और परगट सिंह जैसे नेताओं ने मान सरकार को आड़े हाथों लिया है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद 18 हत्याएं हो चुकी हैं। इस पर लगाम लगाने की बजाय मुख्यमंत्री भगवंत मान गुजरात और हिमाचल घूम रहे हैं। कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा प्रतिदिन 2-3 हत्या हो रही हैं। गैंगस्टर बेखौफ घूम रहे हैं। सरेआम गोलियां चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों में ही 15-20 युवकों की हत्या हो चुकी है। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के सामने देर रात युवक की गोलियों से हत्या कर दी गई। यह अफसोसनाक है कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति नाजुक बनी हुई है और सीएम भगवंत मान हिमाचल की ठंडी वादियों का आनंद ले रहे हैं। पहले गुजरात टूर और अब हिमाचल।

भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने कहा कि पंजाब में 21 दिन के भीतर 29 हत्या हो चुकी हैं। पटियाला में आज 2 युवकों की हत्या कर दी गई। भगवंत मान जी, पंजाब की कानून व्यवस्था की तरफ ध्यान दीजिए।
कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू ने कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भगवंत मान हिमाचल की ठंडी वादियों में वोट मांगने में व्यस्त हैं। पटियाला में 2 हत्याएं हो गई। औसतन 3-4 हत्या प्रतिदिन हो रही हैं। राज्य के लोग भयं में हैं। सिद्धू ने भगवंत मान को कुर्सी छोड़ने तक की नसीहत दे दी। उन्होंने कहा कि अपना कर्तव्य निभाने का सबसे बढ़िया तरीका यह है कि इसे छोड़ दें।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में हालिया में हिंसक घटनाओं में हुई बढ़ोतरी चिंताजनक हैं। पंजाब पुलिस ऐसे हालातत से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। पंजाब सरकार को पुलिस को फ्री हैंड कर देना चाहिए, ताकि वह ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सके। उन्होंने कहा कि पंजाब में बड़ी कुर्बानी के बाद शांति आई है, इसलिए किसी को भी यहां की कानून व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

