एसएनई एक्सक्लूसिव…7 माह में विजिलेंस पास पहुंची 3,54,882 शिकायत, कुल 50 एफआईआर हुई दर्ज

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

यह बात तो सच है कि जब से पंजाब की सत्ता में आम आदमी पार्टी की सरकार निर्वाचित हुई है तब से  विजिलेंस ब्यूरो प्रदेश में एक्टिव मोड पर है। विजिलेंस द्वारा लगातार मंत्रियों, अधिकारियों सहित सिविल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। विजिलेंस के पास बीते 7 महीने में कुल 3,54,882 शिकायतें पहुंची है। इनमें से 5551 शिकायतकर्ताओं ने शिकायत के साथ विजिलेंस को सबूत के तौर पर ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी है।
कुल 2709 शिकायती मामलों को अन्य संबंधित विभागों को भेजा गया है। ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ विजिलेंस से संबंधित 221 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने एंटी करप्शन एक्शन के तहत विभिन्न पुलिस थानों में कुल 50 एफआईआर दर्ज की है।


यहां-यहां केस दर्ज
अमृतसर में 5, जालंधर में 7, जालंधर रूरल में 1, लुधियाना 6, होशियारपुर 1, फिरोजपुर 9, रूपनगर 6, पटियाला 6, बठिंडा 5 और फ्लाइंग स्क्वाड, मोहाली में 4 केस दर्ज किए गए हैं। विजिलेंस टीमों द्वारा इन सभी मामलों में आगामी जांच की जा रही है। इसके कारण कोर्ट में चालान पेश किए जाने में कुछ समय लग सकता है।


जानिए, इस रिपोर्ट में कितने हुए गिरफ्तार
विजिलेंस ब्यूरो ने दर्ज सभी 50 मामलों में कुल 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें से कई फिलहाल जेल में बंद हैं और कई जमानत पर बाहर हैं। गिरफ्तार आरोपियों में 26 सिविलियन, 20 पुलिस ऑफिशियल, सिविल डिपार्टमेंट के 22 और 6 गजेटेड ऑफिसर शामिल हैं। विभागीय उच्चाधिकारी इन मामलों के जांच अधिकारियों से समय समय पर केस की प्रोग्रेस रिपोर्ट भी मंगवा रहे हैं।


कांग्रेस के इतने मंत्री हुए गिरफ्तार
CM पंजाब भगवंत मान के 23 मार्च को शपथ ग्रहण करने के साथ ही पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ी। अपनी एंटी करप्शन एक्शन लाइन के तहत विजिलेंस ने कांग्रेस के 5 मंत्रियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें AAP से पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय सिंगला समेत पूर्व कांग्रेसी मंत्री भारत भूषण आशु, साधू सिंह धर्मसोत, संगत सिंह गिलजियां और सुंदर शाम अरोड़ा शामिल हैं। कांग्रेस से पूर्व लोक निर्माण मंत्री विजय इंदर सिंगला के लिए भी मुश्किलें खड़ी रही हैं।
विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के आरोपों के तहत पूर्व मंत्रियों को आय से अधिक संपत्ति, रिश्वत देने के प्रयास और घोटाले व अन्य आरोपों से संबंधित मामलों में गिरफ्तार किया है। सुंदर शाम अरोड़ा समेत कई मंत्री फिलहाल जेल में बंद हैं। जबकि कई जमानत पर बाहर हैं।


24 घंटे में विजिलेंस इंस्पेक्टर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की विभिन्न टीमों ने बीते मंगलवार को एक के बाद एक करीब 6 अधिकारी/कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विजिलेंस के ही अमृतसर स्थित ब्यूरो रेंज ऑफिस में तैनात इंस्पेक्टर अमलोक सिंह को 5 हजार रुपए रिश्वत की डिमांड पर गिरफ्तार किया गया। एक रिटायर्ड पटवारी हरबंस सिंह को इंतकाल दर्ज करने के एवज में 13 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जबकि 2 स्कूलों के प्रिंसिपल को 10,01,120 रुपए के फंड के गबन मामले समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


इतनी दर्ज हुई आधारहीन शिकायत
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार इन 7 महीनों में सामान्य नेचर की 2621 आधारहीन शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। इनके साथ न तो कोई सबूत था और न ही कानून के अंतर्गत आने वाले मामले हैं।

100% LikesVS
0% Dislikes