वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर (चंडीगढ़)।

खालिस्तान समर्थक व वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह के खिलाफ अजनाला पुलिस ने अदालत में चालान पेश कर दिया। अमृतपाल के अलावा उसके अन्य 27 साथी भी नामजद हैं। आरोप है कि अमृतपाल सहित साथियों ने तूफान सिंह को छुड़ाने के लिए काफी बवाल मचाया था। कई पुलिस अधिकारियों सहित कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए थे। फिलहाल, लगभग सभी असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। इस बात की पुष्टि, पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने की। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ कुछ समय बाद सप्लीमेंट्री चालान पेश किया जाएगा।

यह था पूरा प्रकरण
अमृतपाल सिंह ने लूटपाट व अपहरण के एक अन्य मामले में अपने साथी मंदीप सिंह उर्फ तूफान को छुड़ाने के लिए फरवरी माह में अजनाला थाने पर हमला किया था। आरोपी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की आड़ में हजारों समर्थकों के साथ बाबा बकाला तहसील में स्थित अपने गांव जल्लूखेड़ा से जत्था निकाला था फिर आरोपियों ने थाने में हमला कर दिया था। इस हमले में एसपी जुगराज सिंह समेत कुल छह पुलिसकर्मी घायल हुए थे लेकिन पुलिस ने माहौल को देखते हुए आरोपी अमृतपाल सिंह के खिलाफ तुरंत कार्रवाई नहीं की थी।
कुछ इस प्रकार हुई थी कार्रवाई
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमृतपाल सिंह और उसके कई साथियों को गिरफ्तार किया था। बता दें कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ बाबा बकाला थाने में हथियार रखने के आरोप में भी केस दर्ज किया गया था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर आनंदपुर खालसा फोर्स नामक हथियारबंद फौज भी बना रखी थी।