एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब में अब आम आदमी घर बैठे ही पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा सकेगा। सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब पुलिस का सार्वजनिक शिकायत निवारण पोर्टल लांच कर दिया। इस पोर्टल के जरिये शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की प्रगति पर निगरानी रखने के साथ ही रिपोर्ट भी हासिल कर सकेगा।
संपूर्ण समाधान मुहैया करेगा
इस मौके पर राज्य के लोगों को नागरिक सेवाएं मुहैया करने के अपनी सरकार के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अनूठा सॉफ्टवेयर सार्वजनिक शिकायत निवारण प्रणाली के लिए संपूर्ण समाधान मुहैया करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से नागरिक आसानी से बिना दफ्तरों के चक्कर काटे शिकायत दर्ज करवा सकेंगे और शिकायतों पर हुई कार्रवाई के बारे में जान सकेंगे।
प्रशासनिक ढांचे में जवाबदेही और बढ़ेगी
भगवंत मान ने कहा कि इस प्रणाली से भारी संख्या में होने वाली पूछताछ से राहत मिलेगी, जिससे लोगों का काम समयबद्ध तरीके से होगा। मुख्यमंत्री ने विस्तार में जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस सॉफ्टवेयर का उद्देश्य शिकायतकर्ता को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से इंसाफ मुहैया करवाना है। उन्होंने आगे कहा कि इससे प्रशासनिक ढांचे में जवाबदेही और बढ़ेगी, जिससे कोई कार्रवाई न करने और मामले को बेवजह लटकाने की सूरत में कसूरवार पुलिस कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जा सकती है।
ऐसे कर सकेंगे शिकायत
शिकायत दर्ज करवाने के लिए शिकायतकर्ता को वेबसाइट पर जाना होगा और इस पर नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने सहित कुछ अन्य छोटी सी प्रक्रिया से गुजरने के बाद पासवर्ड तैयार होगा और पोर्टल पर स्थायी खाता बन जाएगा। सीएम मान ने कहा कि इसके बाद शिकायतकर्ता शिकायत दर्ज करवा सकते हैं और निर्धारित प्रणाली के जरिये शिकायत की प्रगति पर नजर रख सकते हैं।

