एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) की छात्राओं के नहाते हुए वीडियो वायरल करने से जुड़े मामले में पंजाब पुलिस ने सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीव सिंह के रूप में हुई है। इस केस में यह चौथी गिरफ्तारी है। शक है कि आर्मी का यह जवान ही सीयू के हॉस्टल में रहने वाली छात्रा को ब्लैकमेल कर उससे अन्य लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनवा रहा था।
फॉरेंसिक और डिजिटल सबूतों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
CU वीडियो केस की इन्वेस्टिगेशन के लिए बनाई गई पंजाब पुलिस की SIT ने आर्मी के वांटेड जवान संजीव सिंह को अरुणाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया। पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि इस केस की इन्वेस्टिगेशन के दौरान मिले फॉरेंसिक और डिजिटल सबूतों के दौरान सेना के जवान संजीव सिंह का नाम सामने आया। संजीव सिंह की पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी इसलिए मोहाली से पुलिस की एक टीम वहां भेजी गई।अरुणाचल प्रदेश से हुई गिरफ्तारी
पंजाब पुलिस की टीम ने संजीव सिंह को अरुणाचल प्रदेश पुलिस, असम पुलिस और सेना के अधिकारियों के सहयोग से पकड़ा। उसे अरुणाचल प्रदेश के सेला पास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला की अदालत में सीजेएम कोर्ट में पेश कर 2 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। मोहाली पुलिस की टीम आरोपी को पूछताछ के लिए मोहाली ला रही है।
पूछा जाएगा- कहां वायरल करता था वीडियो
वीडियो केस की जांच के लिए गठित पंजाब पुलिस की SIT आरोपी संजीव सिंह से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ रही आरोपी छात्रा के संपर्क में कैसे आया? किस वजह से और कब से छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था? वह लड़कियों के नहाने के वीडियो का क्या करता था?
पुलिस संजीव सिंह के आरोपी छात्रा और उसके दोस्तों सन्नी मेहता व रंकज वर्मा के साथ संबंधों का भी पता लगाएगी। आरोपी जवान ने लड़कियों के वीडियो आगे किस-किस को भेजे? क्या वह किसी नेटवर्क से जुड़ा है? वगैरह का भी पता लगाया जाएगा।
तीन आरोपी पहले से रिमांड पर
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी VIDEO केस में गिरफ्तार होने वाला संजीव सिंह चौथा शख्स है। इससे पहले पंजाब पुलिस वीडियो बनाने वाली आरोपी छात्रा के अलावा उसके बॉयफ्रेंड सन्नी मेहता व उसके दोस्त रंकज वर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। सन्नी मेहता हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रोहड़ू कस्बे का रहने वाला है जबकि रंकज वर्मा शिमला का रहने वाला है। आरोपी छात्रा और बाकी दोनों युवक पहले से पुलिस रिमांड में है।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खंगाल रहे एक्सपर्ट
इस केस में पंजाब पुलिस के फॉरेंसिक एक्सपर्ट आरोपी छात्रा और उसके दो दोस्तों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और बाकी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच कर रहे हैं। पंजाब पुलिस ये सारे डिवाइस जब्त कर फॉरेंसिक लैब भेज चुकी है। उसकी रिपोर्ट आना फिलहाल बाकी है।
SIT में सभी महिला अफसर
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक छात्रा द्वारा अन्य लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनाने का मामला 18 सितंबर को सामने आया था। उसके बाद पंजाब पुलिस ने इस केस की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बना दी। SIT में तीनों महिला अफसर है। SIT का नेतृत्व लुधियाना की एसपी (काउंटर इंटेलिजेंस) रुपिंदर कौर भट्टी कर रही हैं। उनके अलावा इसमें DSP खरड़-1 रूपिंदर कौर और DSP एजीटीएफ दीपिका सिंह शामिल हैं। इस मामले में 18 सितंबर को ही खरड़ थाने में आईपीसी और आईटी एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।