एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
केंद्रीय एजेंसी डायरेक्ट रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने अमृतसर के एक क्षेत्र से जोबन जीत सिंह नामक व्यापारी को पकड़ा है। गिरफ्तारी दो दिन पहले की रात रविवार को हुई। बताया जा रहा है कि उक्त व्यापारी के तार गुजरात के कच्छ के कांडला बंदरगाह में पकड़ी गई 1439 करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ जुड़े है। फिलहाल, विभाग ने गिरफ्तारी के अलावा कोई जानकारी साझा नहीं की। पता चला है कि जोबन जीत सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था। एजेंसी की राडर पर चल रहा था। बताया जा रहा है कि देश के कई हिस्सों में अपनी पहचान छिपा कर रह रहा था। अमृतसर में कितने समय से रह रहा था, इस बारे अभी पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हुई।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2021 अक्टूबर में गुजरात के कच्छ के कांडला बंदरगाह पर ईरान से 15 कंटेनर एक निजी समुद्री जहाज के माध्यम से आए। शक होने पर गुजरात की एटीएस टीम ने दबिश दी। कंटेनर जिप्सम के थे। तब पता चला था कि माल बाला जी ट्रेडर्स का था। उसका मालिक जोबन जीत सिंह था। कुल 15 कंटेनर में 2 की चेकिंग हुई। उसमें लगभग 205 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। मामला डीआरआई को सौंप दिया गया।
इस मामले पर जांच-पड़ताल शुरू हुई तो इसमें सबसे पहले बाला जी कंपनी का मालिक एजेंसी की राडर पर आया। उसके ठिकानों पर एजेंसी ने दबिश दी तो वहां से फरार पाया। बताया जा रहा है कि व्यापारी के मोबाइल को सर्विलांस पर लगा रखा था। उसकी लोकेशन अमृतसर के पास पाई गई। रविवार देर रात एजेंसी ने उसे पकड़ लिया तथा अपने साथ ले गई। फिलहाल, इस दबिश के बारे पुलिस को किसी प्रकार से कोई जानकारी नहीं है।