एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब के कोटकपूरा में डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह हत्याकांड के बाद अब पंजाब पुलिस को कई अन्य डेरा प्रेमियों की जान को खतरे के इनपुट मिले हैं। मामले की गंभीरता भांप पुलिस विभाग ने तुरंत कई डेरा प्रेमियों की सुरक्षा बढ़ा दी है। पंजाब की विभिन्न जेलों में बंद डेरा प्रेमियों की सुरक्षा पुख्ता करने के अलावा फरीदकोट निवासी एक डेरा प्रेमी के घर के बाहर भी पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में तैनात कर दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस को इंटेलिजेंस से कुछ अहम इनपुट हाथ लगे हैं। पुलिस ने अपनी रणनीति में बदलाव कर डेरा प्रेमियों से मिलने आने वाले लोगों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस द्वारा जेलों में बंद गैंगस्टरों समेत जमानत पर छूटे या पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहे आपराधिक प्रवृति के लोगों का रिकॉर्ड जुटाया जा चुका है।

