एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पुलिस मुठभेड़ दौरान मारे गए गैंगस्टर मनु और रूपा का पोस्टमार्टम अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में हुआ। यह पोस्टमार्टम गुरुवार रात 12 बजे के बाद किया गया। पोस्टमार्टम करने के उपरांत रात करीब सवा एक बजे परिवारों को दोनों गैंगस्टर के शव सौंप दिए गए। इससे पूर्व मृतकों के परिजनों ने शव लेने से साफ इनकार किया था।
रूपा के परिवार ने तरनतारन में स्थित गांव जोड़ा में रात करीब ढाई बजे पुलिस सुरक्षा में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं मनु का शव भी उसके परिवार के सदस्य गांव कुस्सा में लेकर चले गए और उसका भी पुलिस सुरक्षा में रात को ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विभिन्न एजेंसियों ने शवों की जांच-पड़ताल की
इससे पहले गुरुवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। शाम को दोनों शव सिविल अस्पताल से गुरु नानक देव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे दिन अलग अलग एजेंसियां शवों की जांच करती रहीं। फॉरेंसिक सैंपल भी लिए जाते रहे। वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी होती रही। दोनों गैंगस्टरों के शवों की पहचान भी अलग अलग लोगों, परिवारों के सदस्यों व नजदीकी संबंधियों की ओर से कराई जाती रही। इस कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया मुकम्मल नहीं हो पाई।