पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन….3 घंटा पूरे पंजाब में चली चेकिंग, 10 हजार पुलिस कर्मचारी, 800 नाका, डीजीपी की  अपराधियों को चेतावनी सुधर जाएं अन्यथा पंजाब पुलिस नहीं छोड़ेगी

वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.नितिन धवन.चंडीगढ़।

पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति सही करने के लिए पुलिस ने बड़ा एक्शन किया है। शनिवार देर शाम 3 घंटा तक पुलिस की चेकिंग चली। 10 हजार पुलिस कर्मचारियों ने पूरे राज्य में 800 नाके लगाए। कार्यकारी पंजाब पुलिस निदेशक आईपीएस गौरव यादव भी फील्ड में उतरे। उन्होंने रोपड़ पहुंचकर इन नाकों की सरप्राइज चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध सामान को कब्जे में लेकर छानबीन की गई। डीजीपी गौरव यादव ने अपराधियों को चेतावनी दी कि वह सुधर जाएं या पंजाब छोड़कर चले जाएं अन्यथा पंजाब पुलिस उन्हें नहीं छोड़ेगी।


56 अंतर्राज्यीय नाके लगाए
पंजाब में इस दौरान लगाए 800 नाकों में 50 अंतर्राज्यीय नाके लगाए गए। जिसमें पंजाब से सटे हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के अलावा चंडीगढ़ से आने-जाने वालों की जांच की गई। इसके अलावा 250 नाके जिलों के बीच लगाए गए। 50 हाइटेक नाकाबंदी की गई। वहीं 427 नाके शहर के भीतर लगाए गए।


नशे और गैंगस्टर के सफाये तक जारी रहेगी चेकिंग
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टरों के सफाये तक इस तरह की मुहिम जारी रहेगी। डीजीपी ने कहा कि यह बुनियादी पुलिसिंग का हिस्सा है। जिसमें सभी एडीजीपी, आईजी, डीआईजी भी फील्ड में उतरेंगे। डीजीपी गौरव यादव ने रोपड़ पहुंचकर नाकों की जांच के बाद कर्मचारियों को हिदायत भी जारी की। उन्होंने कहा कि लोगों से विनम्रता से पेश आएं। लोगों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखें ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो।


खराब लॉ एंड ऑर्डर से जूझ रही सरकार
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार खराब लॉ एंड ऑर्डर से जूझ रही है। उनकी सरकार में पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर रॉकेट अटैक हो चुका है। मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का कत्ल हुआ। जालंधर में कबड्‌डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की हत्या कर दी गई। इसके अलावा भी कई अपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। जिस वजह से सरकार की छवि बहुत बिगड़ी है।

75% LikesVS
25% Dislikes