वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
बाढ़ से पंजाब के हालात बिगड़ गए हैं। गुरुवार को गुरदासपुर के बटाला और फाजिल्का में बाढ़ के कारण 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कपूरथला के भुलत्थ में एक व्यक्ति बह गया। उसका अब तक पता नहीं चल पाया है।
होशियारपुर और फिरोजपुर में कई गांव खाली करवा लिए गए हैं। बाढ़ के कारण फिरोजपुर मंडल की 15 ट्रेनें रद्द रहीं। राज्य के 8 जिलें गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। भाखड़ा और पौंग बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण पंजाब में स्थिति सामान्य नहीं हो पा रही है।
वहीं, फाजिल्का जिले के मंडी अरनीवाला शेख सुभान में अचानक मकान की छत गिरने से दादी महिला कृष्णा रानी (60) और पोते दिव्यांश (7) की मौत हो गई। एक महिला और एक छोटा बच्चा बाल-बाल बचा। एक अन्य हादसे में कपूरथला के भुलत्थ में भैंस को बचाने के लिए पानी में कूदा लखवीर सिंह (45) तेज बहाव में बह गया। अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।
ट्रेनों के रूट बदले
रेल प्रशासन ने बाढ़ के चलते मक्खू-गीदड़ पिंडी पुल संख्या-84 की हालत देखते हुए फिरोजपुर-जालंधर के बीच चलने वाली 15 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि चार एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदले हैं। मक्खू-गीदड़ पिंडी के पुल से पानी लग रहा है। इसके अलावा जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन (19226), जम्मू तवी-अहमदाबाद (19224), धनबाद एक्सप्रेस (13308) व जोधपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (19225) का रूट बदला है।