एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब के दो किसानों के खिलाफ आढ़तियों ने बेरहम जुल्म किया। इससे आहत होकर पटियाला के एक गांव के किसान ने भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली, जबकि अन्य मानसा से जुड़ा है। एक युवा किसान ने आढ़ती द्वारा प्रताड़ित करने पर कीटनाशक दवा पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल कथित अपराधी दोनों आढ़ती फरार बताए जा रहे है। यह पहला-दूसरा मामला पंजाब में नहीं है, इससे पूर्व भी पंजाब के किसानों पर आढ़तियों का इसी प्रकार का ही रवैया रहा है। अब, जबकि, इन दो किसानों की आत्महत्या के कदम ने जान-गंवाने वाले अन्नदाता किसानों की संख्या में इजाफा कर दिया। अब देखना होगा कि पंजाब की आप नेतृत्व वाली सरकार आढ़तियों के खिलाफ कोई कठोर कदम लेती है या फिर अन्य सरकार की भांति ही इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
पटियाला के थाना पसियाना के अंतर्गत हरिंदर ग्रेवाल एनक्लेव निवासी किसान निर्मल सिंह ने एक आढ़ती से लाखों रुपये लेने थे लेकिन वह लगातार टालमटोल कर रहा था। आढ़ती का नाम बलजिंदर सिंह है। बलजिंदर सिंह निवासी गांव रोहड़ जगीर की दूधनसाधा अनाज मंडी में आढ़त करता है। साल 2012 से निर्मल सिंह (66) उक्त आढ़ती को फसल बेच रहे थे। आरोपी ने साल 2016 तक भुगतान नहीं किया था, जो कुल 21 लाख 40 हजार 300 रुपये बनता है।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे निर्मल सिंह आरोपी के पास पैसे लेने गया था लेकिन वह घर वापस नहीं आया। उसका शव ककराला पुल के नजदीक भाखड़ा नहर से मिला है। पुलिस ने आढ़ती के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इसी प्रकार मानसा के गांव कुलरियां के किसान जगजीत सिंह (28) ने खुदकुशी कर ली है। किसान जगजीत सिंह तीन एकड़ जमीन का मालिक था। इस बार गेहूं की फसल मंडी में लेकर गया था। आढ़ती कर्ज के लेन देन के बदले मंडी में गेहूं जबरदस्ती उठाने लगा। किसान ने आढ़ती से मिन्नत की लेकिन आढ़ती गुंडों और असलहा से उसे डराया।
किसान ने डर के मारे कीटनाशक पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। किसान अपने पीछे बुजुर्ग मां-बाप और एक छोटी बहन को छोड़ गया है। उधर, पंजाब किसान यूनियन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोरा सिंह भैणी वाघा व रामफल सिंह चक अलीशेर और बब्बू सिंह कुलरियां ने पंजाब सरकार से आरोपी आढ़ती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सारा कर्ज माफ करने की गुहार लगाई है।