कुमार सोनी.अमृतसर।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक दिवसीय दौरे पर अमृतसर पहुंच गई हैं। एयरपोर्ट पर सीएम भगवंत मान और गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति एक दिन अमृतसर में रुकेंगी। राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद मुर्मू का अमृतसर में यह पहला दौरा है। इस दौरान वह श्री हरमंदिर साहिब जी में माथा टेकेंगी और जलियांवाला बाग, श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री रामतीर्थ में भी नतमस्तक होने जाएंगी।
पैसेंजर्स के लिए हिदायत भी जारी
गुरुवार बाद दोपहर 12 बजे द्रौपदी मुर्मू अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके चलते 12 से 1 बजे तक अमृतसर एयरपोर्ट रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। वहीं 12 से 2 बजे के बीच गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 2 इंटरनेशनल फ्लाइट्स रवाना होंगी। जिसके चलते एयर इंडिया ने पैसेंजर्स के लिए हिदायत भी जारी कर दी हैं। एयर इंडिया की लंदन के लिए फ्लाइट एक बजे और बर्मिंघम के लिए फ्लाइट 1 बज कर 55 मिनट पर रवाना होगी। इसके चलते दोनों फ्लाइट्स के पैसेंजर्स को दोपहर 12 बजे से पहले अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने की हिदायत दी है।