पवन कुमार.अमृतसर।
यहां के रहने वाले एक पूर्व सरकारी अधिकारी के आवास पर कैश-नकदी सहित 50 लाख से ऊपर चोरी हो गई। वारदात बुधवार की देर सांय की बताई जा रही है। सीसीटीवी में कैद अज्ञात चोर की पहचान करने के साथ जल्द गिरफ्तार करने का पुलिस ने दावा कर दिया। वारदात के समय परिवार अपने किसी रिश्तेदार के आवास गया था। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी की वारदात पुलिस के बड़े अधिकारियों के सरकार आवास के बगल में हुई। शहर में इतनी बड़ी चोरी की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए। थाना सिविल लाइन पुलिस में दविंदर कुमार डोगरा के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
पता चला है कि परिवार पिछले लंबे समय से मुंबई में रह रहा था। दो दिन पहले ही अमृतसर वापस आया था। बेटी एक विशेषज्ञ डॉक्टर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व सरकारी अधिकारी देवेंद्र कुमार डोगरा की अमृतसर के सिविल लाईन क्षेत्र में एक बड़ी कोठी है। वर्ष 2002 से वह अपने परिवार सहित मुंबई चले गए। इसके पीछे उनका कोई जानकार इस कोठी में रहता था। कुछ दिन पहले ही उसने कोठी खाली की थी।
दो दिन पहले अमृतसर आने पर डोगरा परिवार ने घर में गृह आवास पूजा रखी थी। सभी रिश्तेदार घर पर आए थे। बीती रात साढ़े सात बजे घर को पूर्ण रूप से बंद कर अपने खास रिश्तेदार के यहां गए। ठीक तीन घंटा उपरांत घर वापिस लौटे तो भीतर के ताले टूटे पाए। यह देखकर दंग रह गए। भीतर जाकर उन्होंने देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच-पड़ताल की तो उसमे रखा 50 लाख रुपए का गहना तथा 50 हजार के ऊपर की नकदी गायब थी।
सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन के प्रभारी एसएचओ अमोलक सिंह पुलिस पार्टी समेत वारदात स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो अज्ञात को घर की दीवार फांदकर अंदर घुसते हुए देखा पाया गया। चेहरे की पहचान पुलिस ने कर ली तथा दावा किया जा रहा है कि जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात ने साबित कर दिया लोग सुरक्षित नहीं
पूर्व अधिकारी देवेंद्र कुमार डोगरा ने सवाल खड़े करते कहा कि पुलिस के बड़े अधिकारियों के बगल में इतनी बड़ी चोरी की वारदात हो जाना, इससे साबित होता है कि लोग यहां पर बिल्कुल सुरक्षित नहीं है। पुलिस हाथ पे हाथ धरी बैठी हुई है। चोर खाली घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को शहर में खुलेआम अंजाम दे रहे हैं।