पवन कुमार.अमृतसर।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नौ मार्च को अमृतसर दौरे पर आएंगी। राष्ट्रपति एक दिन अमृतसर में रुकेंगी। राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद मुर्मू का अमृतसर में यह पहला दौरा है। इस दौरान वह श्री हरमंदिर साहिब जी में माथा टेकेंगी और जलियांवाला बाग, श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री रामतीर्थ में भी नतमस्तक होने जाएंगी। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं। उन्होंने बीते साल जुलाई महीने में शपथ ली थी। जिला प्रशासन ने पुलिस प्रशासन व अन्य विभागों को तैयार रहने को कहा है। राष्ट्रपति की निजी सुरक्षा के साथ पुलिस विभाग की बैठक भी हो चुकी है।
मार्च में ही आएंगे अमित शाह
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मार्च में अमृतसर से ‘नशा मुक्ति यात्रा’ की शुरुआत भी करेंगे। यह जानकारी पंजाब भाजपा प्रभारी विजय रूपाणी ने अमृतसर में दी। रूपाणी ने कहा कि मार्च में केंद्रीय गृह मंत्री पंजाब आ रहे हैं। युवाओं को नशे से बचाने और उन्हें जागरुक करने के लिए यह यात्रा राज्य के 117 विधानसभा क्षेत्रों में पड़ने वाले शहरों व गांवों से होकर गुजरेगी।
इसी माह जी-20 की बैठक भी
अमृतसर में 15 से 17 मार्च और 19 से 20 मार्च को होने जा रहे जी-20 सम्मेलन को रद्द किए जाने की चर्चा रविवार को दिनभर सोशल मीडिया पर चलती रही। आखिरकार शाम को राज्य के मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ ने इन खबरों को कोरी अफवाह करार देते हुए इनका खंडन किया। उन्होंने कहा कि अमृतसर में सम्मेलन रद्द करने के बारे में केंद्र सरकार की तरफ से राज्य सरकार को कोई सूचना नहीं दी गई है। उधर, नई दिल्ली में आप सांसद विक्रम साहनी ने कहा है कि अब तक जी-20 की अमृतसर में 15-17 मार्च को होने वाली बैठक तय है। उन्होने कहा कि पंजाब किसी भी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि कोई छोटी सी घटना सूबे का प्रतिबिंब नहीं हो सकती।