लूट-हत्या में इस्तेमाल की गई दो नंबर की यूपी मेड देसी पिस्टल तथा लूटी रकम 70 हजार बरामद
पहचान छिपाकर रह रहा था बटाला में….कत्थूनंगल के पास पकड़ा गया
पवन कुमार/अनिल भंडारी/अमृतसर/बटाला।
यहां पर कुख्यात हत्यारे तथा लूटपाट का सक्रिय सरगना अपने साथियों समेत गिरफ्तार हो गया। पुलिस मुठभेड़ दौरान कुख्यात हत्यारे के साथी की जांघ में गोली लग गई। सुल्तानविंड रोड के रहने वाले लाड़ला, तरनतारन रोड निवासी जरनैल सिंह तथा सुल्तानविंड के ही रहने वाले अन्य साथी प्रिंस पाल सिंह उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बात की पुष्टि पूर्वी हलका के सहायक पुलिस आयुक्त आईपीएस अधिकारी अभिमन्यु राणा ने की।
सभी कथित अपराधियों की आयु 25-26 के बीच बताई जा रही है। पूर्व में हत्या, लूटपाट के भी संगीन मामले दर्ज है। सरगना लाडला हत्या के मामले में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी गुरुवार की देर सायं कत्थू नंगल के पास हुई। शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। वहां से 3 दिन की पुलिस न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यूपी निर्मित दो नंबर की-2 32 बोर की पिस्टल तथा लूट की 70 हजार रकम बरामद की गई।
अधिक जानकारी देते सहायक पुलिस आयुक्त अभिमन्यू राणा ने बताया कि उन्हें खास मुखबिर से इतलाह मिली थी कि लाडला अपनी पहचान छिपा कर बटाला के क्षेत्र में रहता है। कभी-कभार बटाला के नवतेज अस्पताल में उपचाराधीन भाई का हालचाल जानने के लिए पहुंचता है। इसके लिए तकनीकी टीम का सहयोग भी लिया गया।
गुरुवार को उन्हें लाडला समेत साथियों की कत्थू नंगल के पास लोकेशन ट्रेस हुई। यहां से जांबाज पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में एक पुलिस टीम भेजी गई। देर सायं गुरुवार को लाडला अपने एक साथी समेत कत्थूनंगल रेलवे लाइन के पास दिखाई दिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए बोला। जबकि, लाडला ने उलटा पुलिस पर गोली चलाने के लिए चेतावनी देने लगा। पुलिस ने आत्म-सुरक्षा के लिहाज से कुख्यात अपराधियों पर गोली चलाई। पता चला है कि दोनों तरफ से कई राउंड गोलीबारी हुई। फिलहाल, पुलिस ने कितने राउंड गोली हुई, उस बारे में जांच का हवाला देकर संख्या नहीं बताई।
बताया जा रहा है कि लाडला के साथी प्रिंस पाल सिंह उर्फ प्रिंस की जांघ पर गोली लगी। श्री गुरु नानक देव अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने लाडला समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ पुलिस पर भारी संख्या में गोलीबारी चलाने का अलग से मामला दर्ज किया गया।
कई मामले दर्ज
आईपीएस अधिकारी अभिमन्यु राणा ने बताया की कि लाडला के खिलाफ लूटपाट , हत्या के कई मामले दर्ज है। पिछले दिनों लाडला ने एक चौक चबूतरा के रहने वाले एक शख्स की गोली मार कर हत्या कर दी थी। जांच-पड़ताल में सामने आया था कि लाडला ने किसी से फिरौती लेकर हत्या की थी। इसके अलावा बंदूक के बल पर लूटपाट करने के कई संगीन मामले दर्ज है। 2 लाख रुपए की लूट तथा आधा किलोग्राम आभूषण लूटने की वारदात भी शामिल है।