अनिल भंडारी/अमृतसर।

पंजाब में अपराध, गुंडागर्दी आम बात हो चुकी है। अब तस्वीरें सामने आई है गुरु नगरी अमृतसर की। यहां की वल्ला मंडी में एक युवक को सरेआम कुछ हमलावरों ने दातर से बीच सड़क में काट डाला। सारा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो चुका है। वाक्यात शुक्रवार की सुबह का है। सूचना पाने पर पुलिस पहुंच गई। घायल को अस्पताल भर्ती किया गया। माहौल काफी तनावपूर्ण है। लोग दहशत में है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा की फुटेज कब्जे में लेकर गहनता से जांच-पड़ताल आरंभ कर दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि झगड़ा 100 रुपए के लेनदेन को लेकर हुआ। हमलावरों की संख्या लगभग आधा दर्जन बताई जा रही है, जबकि, घायल सिर्फ अकेला था।

शुक्रवार की सुबह अमृतसर की वल्ला मंडी में सब्जी की विशाल मंडी लगी हुई थी। दुकानदार तथा मंडी विक्रेता अपने कामकाज में जुटे थे कि अचानक एक निहत्थे युवक के साथ कुछ हमलावर 100 रुपए के लेनदेन को लेकर पूर्व में विवाद शुरू कर देते है। फिर हमलावर, गाड़ी से दातर को उठाकर ले आते है। निहत्थे युवक पर दातर से कई बार वार कार किया जाता है। निहत्था युवक जमीन पर गिर जाता है। खून से लथपथ युवक को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आता है। लोग तमाशा देखते रहते है।
घायल के किसी जानकार ने फोन पर पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक, घायल को काफी गंभीर चोटें आई। इलाज निरंतर जारी है। अभी उसकी स्थिति के बारे बताना सही नहीं होगा।
उधर, पुलिस ने पास में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, घायल के होश आने के उपरांत हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी प्रक्रिया के तहत मामला दर्ज कर लिया जाएगा। मामला पैसे के लेनदेन को लेकर बताया जा रहा है। हमलावर कितने थे, बिना जांच-पड़ताल से पहले संख्या बताना सही नहीं होगा।