SNE NETWORK.AMRITSAR.
सेवानिवृत सैनिक ने नंबरदार को गोलियों से भून डाला। इस वारदात में उसकी मौत हो गई है। वारदात अमृतसर के कत्थूनंगल इलाके की बताई जा रही है। वारदात में पूर्व सैनिक का बेटा भी शामिल है । मृतक की पहचान भगवंत सिंह के तौर पर हुई हैं। पता चला है कि वह गांव का नंबरदार था। प्राथमिक जाँच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बच्चों में स्कूल में हुए झगड़े को लेकर हुआ है। देर रात की वारदात है। पुलिस ने हत्या करने के आरोप में पूर्व सैनिक अमनप्रीत सिंह सहित और कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए।
मृतक भगवंत सिंह की पोती और आरोपी अमनप्रीत सिंह का लड़का एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह बात लड़की ने घर आकर अपने दादा को बताई। इसके बाद भगवंत सिंह ने आरोपी के बेटे को हल्की डांट लगाई और उसे समझाया था कि दोबारा से झगड़ा न करें। लड़के ने यह बात घर पर बताई। कुछ देर के बाद आरोपी अमनप्रीत सिंह अपने बेटे और कुछ अन्य लोगों को दो गाड़ियों में भरकर भगवंत के घर आ पहुंचा। जब आरोपी वहां पहुंचा तो भगवंत सिंह भैंसों का दूध निकाल रहा था। भगवंत सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने अमनप्रीत सिंह और उसके साथ आए लोगों को बैठने के लिए कहा और यह भी कहा कि बच्चों का झगड़ा है, आपस में बैठकर हल कर लेते है। आरोपियों ने कोई बात नहीं सुनी और सीधा मारपीट करते हुए गोलियां चला दी। गोली भगवंत सिंह की छाती में लगी और इससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि हत्या करने के आरोप में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार है। पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।