वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
यहां के एक ग्राम क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। लुटेरों ने सोने की अंगूठी लूट के लिए एक बुजुर्ग के हाथ की उंगली काट दी। मामला, गांव भंडियार का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि लूट की वारदात के समय बुजुर्ग जागीर सिंह नींद में था। अस्पताल में घायल जागीर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया। पास में लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है। फिलहाल, पुलिस के हाथ कोई सुराग हाथ नहीं लगा। यह भी बात सामने आ रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले बुजुर्ग से नकदी भी छीन कर फरार हो गए थे। नकदी कितनी थी, इस बारे अभी साफ नहीं हो पाया।
जागीर सिंह की नृशंस हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों और गांव भंडियार के निवासियों ने पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जगीर सिंह की हत्या करने वालों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

