पवन कुमार.अमृतसर।
पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें लगभग आधा दर्जन गोलियां लगी है। मामला, रविवार की शाम का बताया जा रहा है। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यह घटनाक्रम तब हुआ जब पुलिस दोनों कथित अपराधियों को उनके गांव रूडवाल में हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
कुख्यात गैंगस्टर फौजी के बेहद करीबी
दोनों आरोपियों की पहचान रामदास क्षेत्र के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है, जो कुख्यात गैंगस्टर जीवन फौजी के करीबी साथी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने 22 अगस्त को रामदास इलाके में सिमरन सिंह नामक व्यक्ति पर गोलियां चलाई थीं और तब से फरार थे।
जानिए, कहां से हुई थी गिरफ्तारी
कई महीनों की तलाश के बाद पुलिस ने हाल ही में इन दोनों को करनाल (हरियाणा) से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। फिलहाल दोनों को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में जारी है।

