SNE NETWORK.AMRITSAR.
मजीठा रोड स्थित दशमेश एवेन्यू क्षेत्र के निवासी पिछले 3 दिनों से लो वोल्टेज (LOW-VOLTAGE) की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार कम वोल्टेज मिलने के कारण लोगों के घरों में बिजली से चलने वाले कई उपकरण खराब हो चुके हैं। इसके अलावा पर्याप्त वोल्टेज न मिलने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है, ऐसे में पूरे इलाके के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग में कई बार शिकायत दर्ज करवाई
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर बिजली विभाग में कई बार शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
पावर काम चीफ इंजीनियर के पीए पर अभद्र व्यवहार का लगा आरोप
क्षेत्र निवासी ने बताया कि जब बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने बॉर्डर जोन के चीफ इंजीनियर कार्यालय में फोन कर अपनी समस्या बताने का प्रयास किया। उनका आरोप है कि फोन उठाने वाले पीए ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित तौर पर “चल दफा हो” कहकर फोन काट दिया। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार सरकारी कार्यालय में इस तरह का व्यवहार न केवल उपभोक्ताओं का अपमान है, बल्कि सरकारी सेवा की गरिमा के भी विपरीत है।
लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित
निवासियों का कहना है कि लो वोल्टेज के कारण मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे घरों में पानी नहीं पहुंच रहा। गर्मी और उमस के बीच बिजली की इस समस्या ने लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित कर दिया है। कई परिवारों को पेयजल और घरेलू जरूरतों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई लोगों ने अपने बिजली उपकरण खराब होने से आर्थिक नुकसान होने की भी बात कही है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो करेंगे प्रदर्शन
क्षेत्रवासियों ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि दशमेश एवेन्यू और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को तुरंत सामान्य किया जाए। साथ ही, चीफ इंजीनियर कार्यालय के संबंधित कर्मचारी के कथित अभद्र व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता के साथ इस प्रकार का व्यवहार न हो। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से मिलेंगे और आवश्यक होने पर प्रदर्शन करने के लिए भी मजबूर होंगे।###USA###UK###CANADA###PSPCL-NEWS###PUNJAB###CHANDIGARH###INDIA###AUSTRALIA###GERMANY###IRELAND###SWEDEN###EUROPE###CHINA###HUNGRY###FRANCE###ITLAY###ROME###RUSSIA###UKRAINE###VIETNAM###SINGAPORE###@

