वरिष्ठ पत्रकार.संगरुर।
यहां पर इन दिनों छीना झपटी के मामलों में काफी इजाफा हुआ। लोगों में खौफ का माहौल है। खासकर, लड़कियों तथा महिलाओं को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। ताजा मामला, पंजाब के बरनाला क्षेत्र से जुड़ा है। शनिवार देर सायं एक युवती काम से घर वापस आ रही थी। रास्ते में छीना झपटी करने वालों ने उसका मोबाइल छीन लिया। युवती एक्टिवा सवार थी। जमीन पर गिरने से काफी चोटें आई। भीड़ ने आगे जाकर दोनों को पकड़ लिया। खूब पिटाई की तथा पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों की पहचान सुनील तथा अर्शदीप के तौर पर हुई। पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया।

जानकारी के अनुसार. मनवीर नामक युवती एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। प्रतिदिन अपनी नौकरी से शाम को एक्टिवा सवार होकर घर वापस लौट रही थी। दाना मंडी के पास 2 अज्ञात युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। पीड़ित युवती एक्टिवा से गिर गई। उसके शोर मचाने पर भीड़ ने आगे जाकर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि भीड़ ने खूब इनकी पिटाई की। जनता के समक्ष माफ करने के लिए हाथ जोड़ते रहे।
पुलिस को इतलाह की तो टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। कथित अपराधी सुनील अर्शदीप जिला बरनाला के रहने वाले है। आपराधिक रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। उधर, आम जनता ने पुलिस से मांग की कि इनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।