वरिष्ठ पत्रकार.बरनाला।
यहां पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला है। यहां पुलिस की आंखों के सामने हमलावरों ने एक व्यक्ति पर तलवारों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो काफी डरावना है। मामला, पंजाब के बरनाला के शहर से जुड़ा है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले को लेकर कड़ी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया। किसी की गिरफ्तारी के बारे कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
वायरल वीडियो
वीडियो में दिख रहा है कि हमलावरों से बचने के लिए व्यक्ति पुलिस की गाड़ी में घुस जाता है, लेकिन हमलावर लगातार वार कर रहे हैं। हमलावरों की भीड़ ने पुलिस के सामने ही व्यक्ति को काट दिया। घटना थाना महल कलां के गांव हरदासपुरा की है। व्यक्ति की पत्नी ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने एक के बाद एक कई वार किए।
गुहार लगाती रही पत्नी
पुलिस जिला बरनाला के थाना महल कलां के गांव हरदासपुरा में भीड़ ने अमृतधारी युवक सतपाल सिंह को पुलिस की गाड़ी से खींचकर तलवारों से कई वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। वहां मौजूद हथियारबंद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बन यह सब देखते ही रहे। पीड़ित की पत्नी लोगों से गुहार लगाती रही लेकिन लोग लगातार हमला करते रहे। घायल युवक को बठिंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस के अनुसार मामला आपसी विवाद का है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी पहचान के लिए वीडियो का सहारा लिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार 27 मई को सतपाल सिंह ने पत्नी को छेड़ने के आरोप में गांव के गुरुद्वारा रविदास के ग्रंथी बलजीत सिंह को बुरी तरह पीटा था। किरपाण से हमला कर उसे घायल कर दिया था। गांव के सुखदेव के बयान पर सतपाल के खिलाफ इरादा ए कत्ल का मामला दर्ज किया गया था लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। शुक्रवार सुबह सुखदेव सिंह के परिवार को सतपाल के घर में ही छिपे होने की भनक लग गई। सुखदेव के बेटे और गांववासी उसके घर पहुंच गए जहां सतपाल घर की छत पर हाथ में किरपाण लिए सब को ललकारने लगा।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि सतपाल के खिलाफ सुखदेव सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मुकदमा नंबर 34 सतपाल पर हमला करने वालों के खिलाफ दर्ज किया गया है। सुखदेव के बेटे और अन्य परिवार वाले वीडियो में नजर आ रहे हैं बाकियों की पहचान की जा रही है। सब को नामजद करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।