वरिष्ठ पत्रकार.बठिंडा।
पिछले दिनों चालीस किलो चिट्टे के साथ पकड़े 6 आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मलोट एरिया से 3 अन्य गाड़ियों को बरामद किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने इन गाड़ियों को गलियों में अलग-अलग जगह पर खड़ा किया हुआ था। मामले से जुड़े जंडियाला गुरु के मुख्य सूत्रधार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।
8 दिन का पुलिस रिमांड
सूत्रों ने बताया कि मुख्य आरोपी लखवीर सिंह उर्फ लक्खा अपने साथियों के साथ मिलकर कारों को खरीदने एवं बेचने की आड़ में चिट्टे का कारोबार करता था। पिछले दिनों महाना चौक से फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार आरोपियों को चालीस किलो चिट्टे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों को 8 दिनों का पुलिस रिमांड हासिल किया था।
जानिए, कहां से बरामद हुई करोड़ों की गाड़ियां
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में मुख्य आरोपी लक्खा समेत बाकी आरोपियों ने अपनी एंडेवर, बलेनो एवं एक अन्य गाड़ी के बारे में पुलिस के पास खुलासा किया था। इसके अलावा आरोपियों ने जंडियाला गुरु से जुड़े एक मुख्य सूत्रधार और विदेश में बैठे अपने एक आका के बारे में भी पुलिस के पास खुलासा किया था। इसके बाद पुलिस ने मलोट एरिया में रेड करके एंडेवर, बलेनो समेत 3 गाड़ियों को मलोट एरिया की अलग अलग गलियों से बरामद किया।

