बेखौफ गैंगस्टर….जेल में बंद गैंगस्टर कर्मजीत ने किया सहायक अधीक्षक पर हमला, कई दर्ज है आपराधिक मामले

एसएनई नेटवर्क.बठिंडा। 

पंजाब की बठिंडा केंद्रीय जेल के हाई सुरक्षा जोन में बंद गैंगस्टर कर्मजीत सिंह निवासी गांव बल्लभगढ़ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उक्त गैंगस्टर ने 29 अक्टूबर को जेल के सहायक अधीक्षक बिंदर सिंह पर पीछे से हमला किया था। जेल के सहायक अधीक्षक बिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर को जेल के हाई सुरक्षा जोन में शोर हो रहा था। वह मौके पर गए और कैदियों को शांत करवाने लगे। इतने में पीछे से आए गैंगस्टर कर्मजीत ने हमला कर दिया। बता दें कि उक्त आरोपी पर नवंबर 2021 में बरनाला की अदालत में भी जेल अधिकारियों पर हमला करने के आरोप लगे थे। गैंगस्टर के खिलाफ हत्या के मामले दर्ज हैं।


500 पुलिसकर्मियों ने तीन घंटे की जेल की जांच
सोमवार सुबह छह बजे बठिंडा पुलिस ने गांव गोविंदपुर स्थित केंद्रीय जेल में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलेभर के थानों की पुलिस ने जेल परिसर का चप्पा-चप्पा छाना और कैदियों के सामान, बैरक की बारीकी से जांच की। करीब 400 से 500 पुलिस मुलाजिमों ने तलाशी अभियान चलाया लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।


बंद गैंगस्टरों के बैरक खंगाले
पुलिस अधिकारियों ने इस सर्च अभियान को रूटीन बताया। इस अभियान की अगुवाई एसएसपी जे इलनचेजियन ने खुद की। उनके साथ जेल अधीक्षक एनडी नेगी भी मौजूद रहे। पुलिस ने हवालात बैरक, कैदी बैरक के अलावा हाई सिक्योरिटी जोन में बंद गैंगस्टरों के बैरकों को भी खंगाला। करीब दो से तीन घंटे चले इस सर्च अभियान में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। एसएसपी का कहना है कि पुलिस की ओर से समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाए जाते हैं।

100% LikesVS
0% Dislikes