वरिष्ठ पत्रकार.बठिंडा।
पंजाब के बठिंडा जिला में स्थित गांव मोड़ कलां में चिट्टे (हेरोइन) से तंग आकर लोगों ने घरों की दीवारों पर साफ-साफ लिख दिया है कि यहां चिट्टा सरेआम बिकता है। अपनी किरकिरी से बचने के लिए पुलिस ने अब वहां से चिट्टा शब्द पर कालिख पोत दी। हालांकि , एक पुलिस अधिकारी ने माना है कि यहां पर नशे की दिक्कत तो है, लेकिन पुलिस कार्रवाई भी कर रही है।
गांव मोड़ कलां की महिला मंदीप कौर ने बताया कि उनके गांव में सरेआम चिट्टा बिक रहा है। गांव के कई युवा चिट्टे की वजह से मर चुके हैं। किसी ने अपना बेटा खो दिया तो किसी का सुहाग उजड़ गया है। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में ही गांव की शादीशुदा महिलाएं विधवा हो रही हैं। ऐसे में अब महिलाएं काम कर रही हैं जबकि उनके युवा बेटे चिट्टे की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं। महिलाओं ने रोते हुए कहा कि सरकार हमारी फरियाद सुने और चिट्टा बेचने वालों के साथ साथ उन्हें शह देने वाले लोगों पर भी कार्रवाई करें।
महिलाओं ने लगाया संगीन आरोप
महिलाओं ने आरोप लगाया कि चिट्टा तस्करों के साथ पुलिस भी मिली हुई है। पुलिस को पता होने के बावजूद भी वो चिट्टा तस्करों पर कार्रवाई नहीं कर रही। जिससे दुखी होकर अब उन्होंने काली स्याही के साथ दीवार पर लिखा है कि इधर चिट्टा सरेआम बिकता है। थाना मोड़ के एसएचओ तरनदीप सिंह का कहना है कि उक्त गांव में नशे की समस्या तो है, लेकिन वो जैसे जैसे उनके पास नशा तस्करों की सूचना पहुंचती है, वो तुरंत उन पर कारवाई करते हैं।

