SNE NETWORK.BATHINDA/CHANDIGARH.
बठिंडा के चार प्रसिद्ध स्कूलों को वीरवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया और स्कूलों को खाली करवाकर बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
पूरे इलाके में दहशत का माहौल
मिली जानकारी के अनुसार शहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल, लॉर्ड रामा स्कूल, पुलिस पब्लिक स्कूल और मिलेनियम स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। किसी शरारती तत्व ने स्कूलों को सीधे ईमेल भेजकर धमकी दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
चारों स्कूल खाली करवाए
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों स्कूल खाली करवाए। स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत बच्चों को सुरक्षित तरीके से घर भेजा गया। अचानक छुट्टी होने से अभिभावकों में चिंता का माहौल देखा गया, हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में रही।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना के बाद पूरे बठिंडा शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूलों के आसपास विशेष सर्च ऑपरेशन भी चलाया। धमकी भरी ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल को लगाया गया है और मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं।
मामला संवेदनशील बन गया है-POLICE
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी भेजने वालों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले 23 अप्रैल को भी बठिंडा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी। अब एक बार फिर स्कूलों को धमकी मिलने से मामला संवेदनशील बन गया है।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की
DSP अरुण मुंडन ने बताया कि स्कूलों को धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद स्कूल खाली करवाकर चेकिंग की गई है। इसके अलावा स्कूलों के आसपास भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की और कहा कि पुलिस ईमेल भेजने वालों का पता लगाने में जुटी हुई है।###USA###BOMB-THREAT-NEWS###CANADA###@

