वरिष्ठ पत्रकार.बठिंडा।
एक किसान ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 54 वर्षीय सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। सुरजीत ने अपने बेटे को कनाडा भेजने के लिए एक ट्रेवल एजेंट दविंदर सिंह को 15 लाख रुपये दिए थे। बताया जा रहा है कि ट्रेवल एजेंट ने किसान के बेटे को वांछित कॉलेज में दाखिला न दिलाकर किसी दूसरे कॉलेज में दाखिला दिलवा दिया। परिवार के अनुसार सुरजीत एक साधारण किसान था। उसने बेटे को विदेश भेजने के लिए कर्ज लिया था। मामला, पंजाब के जैतो क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
गुरुवार को पुलिस को जब घटना की सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची। किसान को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है। नोट में ट्रेवल एजेंट पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने ट्रेवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के शव को फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

