वरिष्ठ पत्रकार.फरीदकोट।

फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में उस समय बड़ा हंगामा हो गया, जब धरनाकारियों तथा कुछ युवाओं की किसी बात को कहासुनी हो गई। फिर क्या था, जो हाथ में आया वो एक दूसरे पर फेंका गया। कुर्सियां मेज एक दूसरे पर फेंके गए। पुलिस तत्काल पहुंची तो स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारी ने आश्वस्त किया कि मामले में जांच कर जिस-जिस के खिलाफ आरोप साबित हुआ, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

क्या था पूरा मामला..समझिए, इस रिपोर्ट में…..?
दरअसल, मुख्य सड़क पर मोहल्ले में टावर लगाने को लेकर धरना दिया जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों की धरनाकारियों के साथ कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। झगड़े के दौरान वहां रखी कुर्सियां भी चलाई गईं। बताया जा रहा है कि पूर्व में इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर, नगर कौंसिल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी गई थीं। इसके बावजूद जब टावर का सारा सामान मौके पर पहुंचा तो मोहल्ला निवासियों ने मुख्य सड़क पर धरना शुरू कर दिया। इस मामले में पूर्व पार्षद जसपाल सिंह ने कहा कि बिना अनुमति के इस स्थान पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा था, जिसकी शिकायत वे पहले ही डिप्टी कमिश्नर और नगर कौंसिल सहित अन्य अधिकारियों को कर चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि धरने के दौरान कुछ युवकों द्वारा गुंडागर्दी की गई। उन्होंने मांग की कि इस स्थान पर मोबाइल टावर न लगाया जाए और हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

