SNE NETWORK.FARIDKOT.

रिश्वत लेते गिरफ्तार एएसआई हरपाल सिंह
फरीदकोट में विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना जैतो में तैनात एएसआई हरपाल सिंह को 73,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई टिब्बी साहिब रोड जैतो निवासी महिला गुरप्रीत कौर की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता गुरप्रीत कौर के पति लखवीर सिंह उर्फ़ लक्की और सास जसवीर कौर को कुछ दिन पहले जैतो पुलिस ने नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना जैतो में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया था। आरोप है कि जांच अधिकारी एएसआई हरपाल सिंह ने गुरप्रीत कौर को भी इस मामले में फंसाने की धमकी दी और उससे 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

पुलिस स्टेशन IMAGE
इसके बाद गुरप्रीत कौर ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी। एसएसपी विजिलेंस फिरोजपुर जगतप्रीत सिंह के निर्देशों पर डीएसपी विजिलेंस फरीदकोट विनोद कुमार और इंस्पेक्टर संदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। सरकारी गवाहों की मौजूदगी में एएसआई हरपाल सिंह को 73,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में डीएसपी विजिलेंस विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी एएसआई के खिलाफ विजिलेंस थाना फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही उसकी संपत्ति की भी जांच की जाएगी।

