अनोखी शादी—-दुल्हन बरात लेकर दूल्हे के घर पहुंची,रिश्तेदारों को पौधे देकर विदा किया

SNE NETWORK.FEROJPUR.

इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। आए दिन शादियां हो रही हैं। लेकिन कई बार आम शादी भी खास बन जाती है और चर्चा में रहती है। ऐसी ही एक शादी पंजाब के फिरोजुपर में भी हुई है, जो सूर्खियों में आ गई है। आमतौर पर विवाह समारोह में दूल्हा बरात लेकर दुल्हन के घर जाता है। बरात में दूल्हे के परिवार के लोग रिश्तेदार और दोस्त शामिल होते हैं। लेकिन पंजाब के फिरोजपुर के एक गांव में यह परंपरा उलट हो गई। क्योंकि यहां दूल्हा नहीं बल्कि दुल्हन बरात लेकर दूल्हे के घर पहुंची। बाजे-गाजे के साथ नाचते हुए बराती भी साथ आए।

फिरोजपुर के गांव करी कलां में यह अनोखी शादी हुई है। ये नजारा देख लोग हैरान रह गए। खास बात यह है कि दूल्हा और दुल्हन दोनों विदेश में रहते हैं, लेकिन अपने गांव और देश की मिट्टी से जुड़े रहने के लिए उन्होंने इस अनोखे अंदाज में शादी करने का फैसला लिया। उनके इस फैसले की खूब तारीफ भी हो रही है।

गांव करी कलां के लोग उस समय दंग रह गए जब दुल्हन हरमन बरात लेकर दूल्हे दुर्लभ के घर पहुंची। यही नहीं लड़के वालों ने खेत में खड़ी गेहूं की फसल के बीचों-बीच बहुत बड़ा टेंट लगाया हुआ था। बरातियों और अन्य रिश्तेदारों खान-पान की टेबल भी खेत में लगी हुई थी। उक्त जोड़ी कनाडा में रहती है लेकिन शादी पंजाब में करने का फैसला लिया।

दोनों ने कहा कि पंजाब के किसान अपनी मांगों के समर्थन में हरियाणा बॉर्डर पर धरने पर बैठे हैं। इससे प्रेरित होकर इस तरह शादी करने का फैसला किया है। ताकि हम अपनी जमीन से हमेशा जुड़े रहें। शादी के पंडाल को हरे भरे पौधों से सजाया गया था और शादी के बाद रिश्तेदारों को पौधे देकर विदा किया गया।

50% LikesVS
50% Dislikes