SNE NETWORK.FEROJPUR/CHANDIGARH.
पंजाब में गुरुहरसहाए, जलालाबाद, फाजिल्का नगर काउंसिल और ममदोट नगर पंचायत के लिए रविवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है जो शाम चार बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। लोगों को मतदान को लेकर उत्साह है और लोग सुबह घरों से निकल रहे हैं।
आरोप-प्रत्यारोप के कारण गर्म हो गया राजनीतिक माहौल
मतदान से एक दिन पहले राजनीतिक माहौल आरोप-प्रत्यारोप के कारण गर्म हो गया। गुरुहरसहाए से आम आदमी पार्टी के विधायक फौजा सिंह सरारी ने आरोप लगाया कि विरोधी राजनीतिक दल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धनराशि बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम को शिकायत सौंप दी गई है। सरारी ने प्रशासन से निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे किसी भी लालच या दबाव में आए बिना स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
वह गंदी राजनीति में विश्वास नहीं रखते-पूर्व विधायक रमिंदर आवला
वहीं, जलालाबाद में कांग्रेस के पूर्व विधायक रमिंदर आवला ने कहा कि वह गंदी राजनीति में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा कि जनता सच्चाई से पूरी तरह परिचित है और उचित समय पर अपना फैसला देगी। जीएसटी रेड के मुद्दे पर आवला ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में किसी दुकानदार पर जीएसटी या बिजली विभाग की कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में राजनीतिक दबाव बनाकर दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में इन सभी मुद्दों का जवाब देगी।
खराब हालत जैसे मुद्दे प्रमुख
इस चुनाव में शहर के विकास, भ्रष्टाचार, सफाई व्यवस्था, सीवरेज समस्या, पेयजल संकट, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और सड़कों की खराब हालत जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। कई वॉर्डों में स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की धीमी गति और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी भी जाहिर की है। वहीं, उम्मीदवारों ने जनता से वादे किए हैं कि जीतने के बाद शहर की तस्वीर बदलने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।###USA###UK###CANADA######ELECTIONS####JALALABAD###FEROJPUR###PUNJAB###CHANDIGARH###INDIA###AUSTRALIA###GERMANY###IRELAND###SWEDEN###EUROPE###CHINA###HUNGRY###FRANCE###ITLAY###ROME###RUSSIA###UKRAINE###VIETNAM###SINGAPORE###@

