एसएनई नेटवर्क.जलालाबाद (फिरोजपुर)।
हरियाणा पुलिस पर पंजाब के लोगों ने बड़ा हमला कर दिया। मामला फिरोजपुर के जलालाबाद क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। हरियाणा के जिला हिसार पुलिस दुष्कर्म के मामले में कथित अपराधी सोनू को पकड़ कर अपने साथ ले जा रही थी तभी भीड़ ने हमला कर कथित अपराधी को छुड़ा लिया। आरोपियों ने महिला इंस्पेक्टर की वर्दी फाड़ने के अलावा एक पुलिस मुलाजिम को बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया।
उधर, हिसार पुलिस की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने गुरुवार को आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।थाना हिसार (हरियाणा) की इंस्पेक्टर सरोज ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि किसी महिला ने चार जनवरी 2022 को थाना हिसार में सोनू सिंह निवासी चक बजीदा (टाहलीवाल) के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज करवाया था। सोनू की तलाश में जलालाबाद (पंजाब) पहुंचे और पुलिस चौकी घुबाया में आमद दर्ज करवाकर गांव चक बजीदा में पहुंचे।
जहां सूचना के अनुसार मंगल सिंह निवासी चक बजीदा के घर पर दबिश दी गई। आरोपी सोनू सिंह उस समय मंगल के घर प्रांगण में चारपाई पर सो रहा था। जब उन्होंने आरोपी सोनू को आवाज देकर उठाया तो वह उठकर भागने की कोशिश करने लगा, इस पर पुलिस मुलाजिमों ने उसे काबू कर लिया। उसे हिरासत में लेकर जाने लगे तो सोनू ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर सोनू सिंह का पिता महेंद्र सिंह और उनकी दो बहनें व अन्य लोग बाहर निकलकर आ गए। सभी आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। महेंद्र सिंह की दोनों लड़कियों ने इंस्पेक्टर सरोज पर हमला बोल दिया और उसकी वर्दी फाड़ दी। यही नहीं महेंद्र ने एचसी राजीव को बुरी तरह पीटा।
दाहिने हाथ के अंगूठे पर दांत से काट कर जख्मी कर दिया
सोनू ने राजीव के दाहिने हाथ के अंगूठे पर दांत से काट कर जख्मी कर दिया। महेंद्र की दोनों लड़कियों ने राजीव के मुंह के दाहिनी तरफ किसी नुकीली चीज से वार कर जख्मी कर दिया। सभी आरोपी हिसार पुलिस की हिरासत से आरोपी सोनू को छुड़ा कर भाग गए। पुलिस ने आरोपी महेंद्र, सोनू, महेंद्र की दोनों बेटियां व चार अन्य समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।