SNE NETWORK.HARIKAE/TARN-TARA/FEROJPUR.
हरिके हेड पुल स्थित पुलिस चौकी पर तैनात एक होमगार्ड जवान पर दो बदमाशों ने कथित तौर पर हमला कर सरकारी राइफल और 10 राउंड मैगजीन लूट ली। वारदात में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
होमगार्ड जवान लहूलुहान हो गया
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब एक बजे होमगार्ड जवान सुखविंदर सिंह चौकी पर अकेले ड्यूटी दे रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने जवान को गंभीर रूप से घायल कर सरकारी राइफल और 10 राउंड मैगजीन छीन ली और मौके से फरार हो गए। हमले में जवान की बाजू पर गहरे घाव आए हैं और वह लहूलुहान हो गया।
जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि मामले में पुलिस अधिकारियों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। एक डीएसपी रैंक के अधिकारी ने दावा किया कि किसी वाहन की टक्कर से जवान घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि जवान पर हमला कर हथियार लूटे गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।###USA###UK###LOOT-NEWS-PUNJAB###

