वरिष्ठ पत्रकार.फाजिल्का।
पंजाब के फाजिल्का में रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोगों की मौत और 15 सवारी घायल हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। बस का ड्राइवर करीब एक घंटे तक ड्राइवर सीट के पास ही फंसा रहा। पुलिस ने कटर मंगाकर बस की बॉडी को काटकर उसे बाहर निकाला। बस को हटाने के लिए भी क्रेन का सहारा लेना पड़ा।
मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं पुलिस का कहना है कि ट्रक में कबाड़ भरा हुआ था। हादसे की जगह एक सिंगल रोड थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
पंजाब रोडवेज यूनियन के नेता रविंदर सिंह ने बताया कि पंजाब रोडवेज की बस फाजिल्का आ रही थी। गांव टाहलीवाल और पूर्ण पट्टी के बीच ये हादसा हुआ है। बस के ड्राइवर को स्टेयरिंग से निकाला गया है। करीब एक घंटे तक वो वहां फंसा रहा। उन्हें इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

