वरिष्ठ पत्रकार.फिरोजपुर।
फिरोजपुर से श्रीगंगानगर जा रही सवारी बस पर बाइक सवार 3 बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां दागीं। गोली के छर्रे लगने से चालक जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलते ही थाना लक्खोके बहराम पुलिस वारदात स्थल पर पहुंचीं और अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बस के चालक और कंडक्टर ने बताया कि वह फिरोजपुर से श्रीगंगानगर के लिए बस लेकर जा रहे थे कि लक्खोके बहराम के पास बाइक सवार तीन बदमाश आए और चलती बस पर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि करीब 25 फायर किए हैं। गोली के छर्रे चालक के पांव पर लगे हैं। चालक जख्मी हो गया। फायरिंग के दौरान बस में सवार सभी सवारियां डर गईं। बदमाश फायरिंग कर वहां से फरार हो गए। इस संबंधी उन्होंने थाना लक्खोके बहराम पुलिस को सूचना दी और बस को थाने में ले जाकर खड़ी कर दिया।
उधर पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंच कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। रास्ते में जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उसकी फुटेज खंगाली जा रही है कि आरोपी कौन थे। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।

