नितिन धवन.बटाला (गुरदासपुर)।
भाजपा नेता इंद्र सेखड़ी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा प्रहार करते कहा कि जिन-जिन नीतियों की पंजाब वर्तमान सरकार ने लागू की है, इससे आम-जनता, किसान, व्यापारी वर्ग, उद्योगपति ,मजदूर वर्ग के अलावा छोटे-छोटे कारोबारी अब त्राहि-त्राहि करने लगे हैं। बिजली के संकट ने पंजाब के हर वर्ग के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है।
शुक्रवार को पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा नामचीन उद्योगपति इंदर सेखडी ने आम जनता की मुश्किलें सुनने के उपरांत पत्रकारों के साथ हुई बातचीत दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि इस बार गेहूं की फसल का झाड़ कम होने के कारण फसल की पैदावार बहुत कम हुई है, जिसका नुकसान आर्थिक रूप से किसानों को बहुत अधिक हुआ है। उन्होंने इस बात पर अधिक जोर देते कहा कि भविष्य में धान की फसल की बुवाई करने पर पानी और बिजली की अधिक आपूर्ति की जरूरत पड़ेगी। इसे आप सरकार देने में असमर्थ साबित हो जाएगी। क्योंकि, उसके पास बिजली सप्लाई करने की आपूर्ति काफी कम रह गई है। यह एक प्रकार से बहुत बड़ा चिंता का विषय है।
सेखड़ी ने कहा कि अगर किसानों को बिजली नहीं मिलेगी तो किसान खेतों में धान फसल की बुवाई पर सही मात्रा में पानी नहीं दे पाएंगे। इससे धान की फसल का भी भारी नुकसान होने की संभावना है। दिल्ली मॉडल का शोर मचाने वाली आम आदमी पार्टी के 1 महीने से ही पता चल गया है कि दिल्ली मॉडल उसका फेल है। क्योंकि, बिजली संकट को लेकर आम आदमी पार्टी की कोई पॉलिसी नजर नहीं आ रही, व्यापारी वर्ग को सुविधाएं देने की कोई पॉलिसी नहीं, बेरोजगार लोगों को नौकरी देने की कोई नीति नहीं ,एक ही शोर मचाया जा रहा है सिर्फ दिल्ली माडल।
पंजाब का वातावरण दिल्ली से बहुत भिन्न
दिल्ली मॉडल की बात करने वालो को शायद, यह मालूम होना अति जरूरी है, कि पंजाब का वातावरण दिल्ली से बहुत भिन्न है। पंजाब एक कृषि क्षेत्र राज्य हैं। इसमें किसानों को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी बनती है। पंजाब सबसे ज्यादा अनाज पैदा करने वाला राज्य है। विडंबना इस बात की है कि किसानों के प्रति ही सरकार की कोई नीति नहीं है। पंजाब की जनता इस बात को समझ रही है कि उन्होंने अनुभवहीन लोगों के हाथों में पंजाब की सत्ता दे दी है, जिसका खामियाजा पांच साल तक तो भुगतना ही पड़ेगा।
बड़ा सवाल—-इंस्पेक्टर राज क्यों नहीं किया खत्म
भाजपा के वरिष्ठ नेता आप सरकार से बड़ा सवाल करते कहा कि आप ने सत्ता से पूर्व पंजाब में इंस्पेक्टर राज को पूर्ण रूप से समाप्त करने का पंजाब की जनता से वादा किया था। जबकि, सच्चाई यह है कि इंस्पेक्टर राज आम-जनता तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े क्षेत्र को अब भी तंग कर रहा है। पुलिस विभाग जगह-जगह वाहन चालकों को तंग परेशान कर, उनके चालान काट रहा है।