वरिष्ठ पत्रकार.बटाला (गुरदासपुर)।
सड़क हादसे में 3 दोस्तों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। जबकि, एक अन्य की हालत काफी चिंताजनक है। हादसा गांव नौशहरा मझा सिंह के पास अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ है। मृतकों की पहचान रजत प्रीत निवासी फज्जूपुर, भूपिंदर राय और पंकज कुमार निवासी धारीवाल के तौर पर हुई है, जबकि, घायल की पहचान पंकज कुमार निवासी फज्जूपुर के तौर पर हुई। बताया जा रहा है कि कार पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।
फोन पर दी जानकारी
मृतकों के परिजनों के अनुसार चारों दोस्त शाम को घर से बटाला जाने के लिए निकले थे। इस दौरान गांव नौशहरा मज्झा सिंह के पास हादसा हो गया। घायल पंकज कुमार ने फोन कर हादसे के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और सभी को कार से बाहर निकाला।
मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक पंकज कुमार अध्यापक था और दो बहनों का इकलौता भाई था। हादसे के समय रजत प्रीत गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली चालक जसबीर सिंह निवासी लोपोके के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों वाहनों को कब्जे में भी ले लिया है।