लंबी मशक्कत के बाद तेंदुआ काबू….सुबह से लेकर शाम तक दहशत में रहा मुकेरियां

मुकेरियां के एक रिहायशी इलाके में तेंदुए के आने को लेकर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीर।

एसएनई नेटवर्क. मुकेरियां/होशियारपुर।

फोटो कैप्शन-लंबी गली मुकेरियां में जर्जर भवन से तेंदुआ पकड़ कर ले जाते हुए वन्यजीव संरक्षण विभाग व पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी।

मुकेरियां शहर में मंगलवार सुबह उस समय दहशत की स्थिति बन गई जब शहर के घनी आबादी वाले इलाके में एक तेंदुए के आने की ख़बर जंगल की आग की तरह फैल गई और इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर साझा की जाने लगी।  स्थानीय सिविल, पुलिस, वन्य जीव संरक्षण विभाग व पशु चिकित्सा विभाग को संयुक्त प्रयास से दिन भर की मशक्कत के बाद शाम 6 बजकर 15 मिनट पर मुकेरियां के संगर बाजार के पास वाली लंबी गली में जर्जर भवन से तेंदुए को काबू करने में सफलता मिली। जिसके बाद सुबह से ही दहशत और भय के माहौल से गुजर रहे शहरवासियों ने राहत की सांस ली।


मंगलवार सुबह तेंदुए के आने की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की, जिसके बाद एसएचओ. मुकेरियां इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह व वन्य जीव संरक्षण रेंज अधिकारी दसूहा हरजिंदर सिंह ने एसडीएम मुकेरियां कंवलजीत सिंह की निगरानी में टीम बनाकर तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय पशु चिकित्सा विभाग के विशेष सहयोग से शहर में विभिन्न स्थानों पर चलाये गये सर्च अभियान में लंबा समय लगा और फिर कहीं जाकर तेंदुए को  बाजार के नजदीक लंबी गली में होने की पुष्टि हुई।


उल्लेखनीय है कि मंगलवार की सुबह महाजन मोहल्ला के पास  स्थित एक मकान में स्थानीय निवासी सतनाम सिंह की बेटी को आँगन से लगे बाथरूम में कोई खतरनाक जानवर होने का शक हुआ तो उसने सतनाम सिंह को बताया। सतनाम सिंह जब बाथरूम में गया तो उसने तेंदुआ देखा और डर कर कमरों की ओर भागने की कोशिश की। इसी बीच तेंदुए ने सतनाम सिंह पर हमला कर दिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया और तेंदुए के पंजों से ही उसकी टाँगों पर चोट आई जबकि तेंदुआ तेजी से भाग गया। जिसके बाद परिजनों ने पड़ोसियों को सूचना दी और आसपास के लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया कि क्षेत्र में एक तेंदुआ घूम रहा है। जिसके बाद सभी ने अपने घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखनी शुरू की और पाया कि तेंदुआ शहर में मौजूद है।


तेंदुए को काबू करने के लिए स्थानीय सिविल, पुलिस, वन्य जीव संरक्षण विभाग व पशु चिकित्सा विभाग को संयुक्त प्रयास से दिन भर की मशक्कत के बाद शाम 6 बजकर 15 मिनट पर काबू करने में सफलता मिली। जिसके बाद सुबह से ही दहशत और भय के माहौल से गुजर रहे शहरवासियों ने राहत की सांस ली।

100% LikesVS
0% Dislikes