एसएनई न्यूज़.जालंधर।
लंबे समय से अप्रवासी भारतीयों के लिए एक बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें बड़ी राहत देने की कोशिश की। उनकी मुश्किलों का समाधान निकालने के लिए क्विक रिस्पॉन्स कॉल सेंटर खोलने का फैसला लिया। जहां सिर्फ एक फोन कॉल के जरिए उनकी हर समस्या दूर की जाएगी। इस बात की जानकारी राज्य के एनआरआई मामलों के मंत्री परगट सिंह ने दी।
अधिक जानकारी देते मंत्री ने कहा कि यह कॉल सेंटर 24 घंटे चलेगा।उन्होंने कहा कि कई बार एनआरआई को एयरपोर्ट पर उतरने के बाद कागजी कार्रवाई, तकनीकी कारण या किसी गलतफहमी की वजह से रोक लिया जाता है। ऐसे में वो घबरा जाते हैं। दस्तावेज सही होने के बावजूद उन्हें परेशानी होती है। इस सेंटर में बैठने वाले ऐसी समस्याओं के माहिर होंगे। जो विदेशों में रहने वाले पंजाबियों की परेशानी को दूर करेंगे। जल्द ही कॉल सेंटर के नंबर सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।
जमीनी, शादी विवाद की परेशानी का भी हल निकालेंगे
मंत्री परगट सिंह ने कहा कि जमीन-जायदाद, शादी से जुड़े विवादों को लेकर भी एनआरआईज को काफी परेशानी होती है। इनको हल करने में भी देरी होती है। इसके लिए उनका विभाग पुलिस और रेवेन्यू डिपार्टमेंट से तालमेल करेगा। जिसके लिए हर जिले में एक अफसर की नियुक्ति होगी। जो तालमेल कर एनआरआई की मदद करेगा।
हर विवाद का होगा निवारण
दुनिया के कई देशों में पंजाबी बसे हुए हैं। वह कभी-कभी ही पंजाब आते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट पर उन्हें काफी औपचारिकता करनी पड़ती है। जिस वजह से वहां उन्हें देरी हो जाती है। इसको लेकर कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वहीं, पंजाब में एनआरआईज से जुड़े जमीन के ढेरों विवाद हैं। उनके विदेश जाने के बाद प्रॉपर्टी पर कब्जा करने के अलावा धोखाधड़ी कर आगे बेचने के भी कई केस चल रहे हैं। ऐसे में पंजाब में सीएम बदलते ही सरकार एनआरआईज से नजदीकी बढ़ाना चाहती है। वहीं, उन्हें पंजाब के गांवों में निवेश के लिए भी साथ जोड़ना चाहती है।