वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
एक निजी स्कूल में 9वीं के छात्र के साथ अध्यापक द्वारा गलत हरकत करने और बुरी तरह मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित छात्र के पिता ने कहा कि स्कूल के एक अध्यापक ने बेटे के साथ गलत हरकत की। जब इसकी शिकायत प्रिंसिपल के पति को दी, जो उसी स्कूल में अध्यापक भी है। शिकायत करने पर प्रिंसिपल के पति ने छात्र के साथ बुरी तरह से मारपीट की। मामला, पंजाब के जालंधर के एक ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा हुआ हैं।
पीड़ित छात्र के पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल में हुए घटनाक्रम के बाद बेटा आत्महत्या वाला था। उसने घर आकर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश भी की, लेकिन परिवार ने उसे समय रहते बचा लिया। उन्होंने बच्चे को समझाया और तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
परिवार ने कहा कि अगर पुलिस कड़ी कार्रवाई नहीं करेगी तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। परिवार ने इसकी शिकायत थाना नूर महल में दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। गंभीर आरोपों पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पूरे जांच के बाद ही कार्रवाई करेंगे। आरोप संवेदनशील हैं जिसके बाद स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। जब छात्र के साथ मारपीट हुई और गलत हरकत की गई, उस दौरान जिन पर आरोप लगे हैं वह कहां थे।

