वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।

शूटर हैरी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया हत्याकांड में वांछित था। कथित अपराधी संदीप नंगल की हत्या के बाद से फरार था। वह तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर कौशल का साथी है। जालंधर पुलिस को संदीप की हत्या के बाद से शूटर हैरी की तलाश थी।
हैरी को जालंधर पुलिस जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर ला सकती है। इसी केस में फरार चल रहे पुनीत और लल्ली के बारे में हैरी को जानकारी हो सकती है। ऐसे में जालंधर पुलिस उससे पूछताछ करेगी। आरोपी की तलाश केवल जालंधर पुलिस को ही नहीं बल्कि अन्य कई जिलों की पुलिस को भी थी।
जेल में रची थी साजिश
संदीप की हत्या की साजिश तिहाड़ जेल में रची गई थी। इस मामले में सोनावर ढिल्लों, सुखविंदर सिंह दुनो उर्फ सुक्खा सिंह,कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष सुरजन सिंह चट्ठा और अमेरिका निवासी सब्बा खेड़ा नामजद हैं। कथित अपराधी विदेश में रहते हैं। कभी भी उन्हें भारत लाया जा सकता हैं।
इन-इन की हुई गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस यादविंदर सिंह, मनजोत उर्फ जोत, राजिंदर सिंह, हरिंदर सिंह फौजी, सचिन कुमार और विकास माहले को गिरफ्तार कर चुकी है। इस केस की सुनवाई 14 सितंबर को होगी। वहीं, 4 माह पूर्व गिरफ्तार किए गए नॉर्थ इंडिया कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष सुरजन सिंह चट्ठा के मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में 15 सितंबर को होगी।
यह था पूरा प्रकरण
बता दें कि कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की पिछले साल 14 मार्च को नकोदर के गांव मल्लियां में 5 हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम शाम 6 बजे दिया गया। स्टेडियम में सरेआम मैच के बीच हुई अंधाधुंध फायरिंग के कारण अफरा-तफरी मच गई थी। हमलावर एक सफेद रंग की कार में सवार होकर पहुंचे थे।