SNE NETWORK.JALANDHAR.
किशनपुरा-लम्मा पिंड रोड स्थित बीएमएस फैशन शोरूम पर हुई फायरिंग की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस ने मामले में फायरिंग के दौरान बाइक चलाने वाले आरोपी कुश निवासी घास मंडी, बस्ती शेख को काजी मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि गोलियां चलाने वाला मुख्य शूटर अभी भी फरार है। आरोपी की तलाश में सीआईए स्टाफ व पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कुश हाल ही में विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल्ल के नेटवर्क से जुड़ा था।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के अनुसार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि पूरी साजिश, गैंग नेटवर्क और वारदात के पीछे की असल कहानी सामने लाई जा सके। फायरिंग के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसीपी अमरबीर सिंह की निगरानी में थाना प्रभारी सुरिंदर कुमार की टीम ने आरोपियों की मूवमेंट ट्रेस की। जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों आरोपी लम्मा पिंड की तरफ निकले और फिर शहर के पश्चिमी इलाके में पहुंच गए।
पुलिस ने काजी मंडी क्षेत्र में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया
फुटेज के आधार पर बाइक चालक की पहचान कुश के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने काजी मंडी क्षेत्र में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर फरार शूटर और गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी
शोरूम संचालक परिवार के सदस्य सुभाष वर्मा ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनके बेटे लक्ष्य वर्मा को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। फायरिंग के बाद भी गैंगस्टर की ओर से कॉल आई और परिवार के सदस्य अक्षय वर्मा को धमकी दी गई कि पुलिस या अधिकारियों को बुलाने से कुछ नहीं होगा, यदि 50 लाख रुपये नहीं दिए गए तो दोबारा हमला किया जाएगा।
सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा हुआ था
पुलिस पूछताछ में कुश ने खुलासा किया कि उसका एक दोस्त सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसी के कहने पर वह वारदात में शामिल हुआ। कुश के मुताबिक उसे सिर्फ बाइक चलाने के लिए कहा गया था और बदले में अच्छी रकम देने का लालच दिया गया था। फायरिंग से एक दिन पहले दोनों आरोपियों ने शोरूम और इलाके की रेकी की थी। शुक्रवार दोपहर बाइक पर पहुंचे शूटर ने शोरूम पर दो गोलियां चलाईं, जो शीशों में जा लगीं।
आरोपी कुश का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कुश का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसने कबूल किया कि पिछले साल 5 नवंबर को क्राइम ब्रांच ने उसे उसके साथियों लक्की (तिलक नगर) और रितिक के साथ अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार किया था। उस मामले में वह करीब 15 दिन जेल में रहा और बाद में जमानत पर बाहर आ गया था। अब पुलिस यह भी जांच रही है कि जेल से बाहर आने के बाद उसके संपर्क दोबारा हथियार सप्लाई करने वाले गिरोहों से तो नहीं जुड़ गए।###USA###CANADA###GANGSTER-DONI-BAL-NEWS###JALANDHAR###PUNJAB###INDIA###AUSTRALIA###IRELAND###SWEDEN###VIETNAM###CHINA###AUSTRALIA###NEWZEALAND###UKRAINE###AUSTRIA###@

