एसएनई नेटवर्क.जालंधर।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जालंधर उपचुनाव में पार्टी का प्रचार करने वाले 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। सूची में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं को शामिल किया गया है। 10 मई को जालंधर लोकसभा सीट पर मतदान होना है। वहीं 13 मई को परिणाम आएंगे। कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी के निधन से यह सीट खाली हुई है।
बता दें कि इंदर इकबाल सिंह अटवाल को भाजपा ने जालंधर लोकसभा उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। इंदर इकबाल सिंह चरणजीत सिंह अटवाल के बेटे हैं। बेटे के नामांकन दाखिल करने के अगले दिन ही चरणजीत सिंह अटवाल ने शिरोमणि अकाली दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। 86 वर्षीय चरणजीत सिंह अटवाल 2004-09 तक लोकसभा के डिप्टी स्पीकर और 2 बार पंजाब विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं। शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने जालंधर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी इंदर इकबाल सिंह अटवाल को समर्थन देने का ऐलान किया है।