वरिष्ठ पत्रकार. नकोदर / जालंधर।
टी-पॉइंट पर देर शाम 2 गुटों के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। गोलीबारी की आवाज़ से इलाके में दहशत फैल गई। नकोदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 2 गाड़ियां जब्त कीं और 3 युवकों को हिरासत में लिया। प्राथमिक जांच में 2 गुट की पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गोलीबारी में घायल युवक युवराज, जो पास के जिम-कम-सर्विस स्टेशन में काम करता था, को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि गोलीबारी के दौरान युवराज जिम से बाहर आया था और वह इस हिंसक झड़प में गोली का शिकार हो गया। इसके अलावा, एक गुट के युवक दिलप्रीत, निवासी कंग साबू, भी गोली लगने से घायल हुआ। अन्य दो घायलों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है
सूचना मिलते ही नकोदर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से टोयोटा फॉर्च्यूनर और स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को जब्त किया। पुलिस ने 3 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए युवकों से गोलीबारी के कारणों और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।