वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
जालंधर के एक घर पर फायरिंग से दहशत फैल गई है। वारदात को अंजाम देने वाले शूटर एक बाइक पर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यहां पर फायरिंग हुई वह घर एनआरआई का है। फायरिंग पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने अपने गुर्गों के जरिये करवाई है, क्योंकि पुर्तगाल में रेस्टोरेंट चलाने वाले बलवीर सिंह के बेटे जितेंद्र सिंह ने उसे रंगदारी नहीं दी थी।
जानिए, कब मांगी गई थी रंगदारी
भट्टी ने 30 लाख रुपये मांगे थे तो डराने के लिए फायरिंग की वीडियो बनाकर एनआरआई को भट्टी ने खुद ही शेयर की। एनआरआई ने अपनी फैमिली को कॉल की तो पिता बोले कि घर के गेट पर गोलियां चली हैं। गेट पर गोलियों के निशान दिखाई दे रहे थे। क्राइम सीन से 4 खोल मिले हैं। सूचना मिलने पर डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों फोर्स समेत क्राइम सीन पर पहुंच गए। पुलिस ने एरिया सील करके शूटर्स की तलाश शुरू की, लेकिन रात 12 बजे तक कोई सुराग नहीं मिला था। डीसीपी ढिल्लों ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है। इसमें एक शूटर्स दोनों हाथ से गोलियां चला रहा है।
अब तेरे बाप को मारेगा
फायरिंग से पहले एनआरआई और भट्टी के बीच तीखी बहस भी हुई थी क्योंकि उसने भट्टी का फोन नहीं उठाया था। एनआरआई की बहस हुई तो भट्टी ने धमकी दी कि तेरे बाप को मारेगा। एनआरआई ने भट्टी से कहा कि तगड़ा होकर आए। यह बात सुनकर भट्टी भड़क गया और धमकी दी कि वह उसके रेस्टोरेंट पर भी फायरिंग करेगा। इसके बाद दोनों में खूब गाली गलौज हुआ था।