वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले एडवोकेट रिजवान के मामले में शाहकोट से मिठाई कारोबारी अजय अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। उसे संदिग्ध हवाला कारोबार और पाकिस्तान के लिए जासूसी के मामले में पकड़ा गया है। यह गिरफ्तारी हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से की। बताया जा रहा है कि कथित अपराधी आरोपी शाहकोट के मलेसियां पट्टी का रहने वाला है। वह हवाला के जरिये रिजवान को पैसे पहुंचाने और लेन-देन में सहयोग करने का आरोपी है।
वकील रिजवान ने 30-35 लाख रुपये साथी अजय अरोड़ा को दिए थे। उस रकम को अजय ने एक व्यवसायी को दे दिया जो विदेश में बताया जा रहा है। बुधवार को नूंह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिजवान को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने जालंधर में दबिश देकर अजय अरोड़ा को पकड़ा और हरियाणा ले गए।

