वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
विधायक रमन अरोड़ा को जमानत मिल गई है। बताया जा रहा है कि उन्हें जबरन वसूली मामले में दी गई। बता दें कि पिछले समय करोड़ों के भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तारी के बाद अरोड़ा को जमानत मिल गई थी लेकिन पुलिस ने उनके जेल से बाहर आने से पहले ही जबरन वसूली के केस में उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस केस में कुछ दिनों तक जेल में रहने के बाद अब रमन अरोड़ा को राहत मिल गई है। केस की सोमवार को कोर्ट में सुनवाई हुई जिसके बाद कोर्ट ने विधायक को जमानत दे दी।
निजी मुचलका भरने का आदेश
एडवोकेट दर्शन दयाल ने बताया कि कोर्ट ने 25 हजार रुपये के निजी मुचलका भरने के आदेश दिए हैं। वहीं, राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि पुलिस के पास शायद ठोस सबूतों की कमी रही होगी, जिसके चलते कोर्ट ने इतनी जल्दी विधायक को जमानत दे दी।
बता दें कि इससे पहले रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस केस में उन्हें एटीपी सुखदेव वशिष्ठ के साथ कोर्ट से जमानत मिल चुकी थी। जमानत मिलने के बाद भी विधायक को जेल से बाहर आने से पहले फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था। उन पर रामामंडी थाना क्षेत्र में पार्किंग ठेकेदार से जबरन वसूली का आरोप लगा था। अब ज्यूडिशियल कोर्ट से राहत मिलने के बाद अरोड़ा जल्द ही जेल से बाहर आ सकते हैं।

