एसएनई नेटवर्क. कपूरथला।
सीआईए स्टाफ की टीम ने आधा किलो हेरोइन की खेप समेत दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। थाना कोतवाली में दोनों तस्करों के खिलाफ केस दर्ज करके अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जिसमें कई खुलासे होने की संभावना है। सरहद पार के तस्करों के साथ संबंध होने के तार भी जुड़ रहे है। पुलिस टीम ने इस पहलू पर भी अपना काम आरंभ कर दिया।
पुलिस लाइन कपूरथला में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी-डी जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि एसएसपी राज बचन सिंह संधू के निर्देशानुसार डीएसपी-डी अमृत सरूप डोगरा की निगरानी में करतारपुर रोड पर अड्डा डैणविंड में पुलिस बल सीआईए इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर जसबीर सिंह के साथ मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि कर्मजीत सिंह उर्फ कम्मू निवासी गांव बूटा कपूरथला, जसपाल सिंह उर्फ जस्सा निवासी नाहरपुर करतारपुर और कर्मजीत सिंह उर्फ कम्मा पुत्र गज्जन सिंह निवासी नाहरपुर हेरोइन तस्करी का काम करते हैं। अभी कुछ समय पहले ये भारी मात्रा में हेरोइन की खेप लेकर आएं और कम्मा निवासी करतारपुर के साथ ट्रिपल राइडिंग करके करतारपुर रोड पहुंचे हैं और ग्राहक के इंतजार में इधर-उधर घूम रहे हैं।
एसआई जसबीर सिंह की टीम तुरंत अलर्ट हो गई और नाकाबंदी सख्त कर दी। इस दौरान पुलिस टीम को एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर आते दिखाई दिए। उन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस टीम ने पीछा करके इन्हें दबोच लिया। पूछताछ में बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम कर्मजीत सिंह उर्फ कम्मू और दूसरे ने जसपाल सिंह बताया। इनकी तलाशी लेने पर 250-250 ग्राम के कुल आधा किलो हेरोइन के दो पैकेट बरामद हुए। जबकि इनका तीसरा साथी कम्मा मौके से भागने में कामयाब रहा। एसपी-डी ने बताया कि इनके खिलाफ केस दर्ज करके आगे की जांच तेज कर दी गई है।

