बड़ी खबर—कार में आए युवक ने किसान पर चला दी गोलियां, हाथ आगे कर बचाई जान, आरोपी फरार

एसएनई नेटवर्क. कपूरथला।

भुलत्थ के गांव खसन्न में परिवार सहित खेत में काम कर रहे किसान पर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। मामला गुरुवार की देर सायं का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तीन गोलियां किसान के हाथ के आर पार हो गई और कुछ छर्रे टांग में भी लगने की बात सामने आई। घायल का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस के आलाधिकारी तथा संबंधित थाना के प्रभारी पुलिस बल सहित वारदात  स्थल पर पहुंचे। पता चला है कि पुलिस ने कुछ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। गोली किस वजह से चली, इस बात के बारे कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया। इतनी बात सामने आई है कि हमलावर ग्राहक बनकर किसान के समक्ष आए। कार सवार ने पिस्टल निकाल कर किसान पर गोलियां दाग दी।  

सिविल अस्पताल में उपचाराधीन गुरप्रीत सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी गांव खसन्न ने बताया कि उसने गांव में ही जमीन ठेके पर ले रखी और उस पर सब्जियों की काश्त करता है। देर सायं दो युवक कार में आए और उसके दो किलो भिंडी देने की मांग की। हालांकि कंडा उनके पास नहीं था। फिर भी उन्होंने युवक को पालीथिन में भर कर भिंडियां देने का प्रयास किया तो आरोपी ने जेब में पड़ा रिवाल्वर निकाल कर उसकी ओर तीन फायर कर दिए। उसने बचाव के लिए हाथ आगे किया तो गोलियां लग कर आरपार हो गई और कुछ छर्रें उसकी टांग पर भी लगे। इस दौरान कार में दूसरा युवक कार से उतरने लगा तो गांव का तहसीलदार जो ड्यूटी से घर जा रहा था, जब उसने कार खड़ी देखी और उसके हाथ में रिवाल्वर देखा तो उसने अपनी गाड़ी का हूटर बजाना शुरु कर दिया। आवाज सुनते ही दोनों युवक जो बिना नंबर कार पर आए थे। मौके से भाग निकले। परिजनों ने उसे इलाज के लिए भुलत्थ के सिविल अस्पताल पहुंचाया। परंतु ड्यूटी डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।    

गोली चलने की पुष्टि करने के लिए डीएसपी भुलत्थ अमरीक सिंह चाहल व एसएचओ भुलत्थ सोनम दीप कौर के मोबाइल पर बार बार संपर्क करने का प्रयास किया तो दोनों ने मोबाइल फोन नहीं उठाया। वहीं सिविल अस्पताल कपूरथला के एसएमओ डा.संदीप धवन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक गोली हाथ के आरपार हुई है। दूसरी गोलियां हाथ को छू कर निकल गई है और घायल का इलाज इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।

100% LikesVS
0% Dislikes