वरिष्ठ पत्रकार.कपूरथला।
संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयास से अरब देशों में फंसी 4 लड़कियां वतन वापस लौट आई। इसमें 3 लड़कियां इराक और एक लड़की को मस्कट से वापस लाया गया है। पीड़ित लड़कियां जालंधर और कपूरथला की रहने वाली है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पीड़ित लड़कियों को ट्रेवल एजेंट और उनके रिश्तेदार इस साजिश में शामिल थे।
बड़ी बात सामने आई कि एजेंट गरीब वर्ग की लड़कियों को निशाना बना रहे हैं। संत सीचेवाल ने इराक और मस्कट में भारतीय दूतावास का धन्यवाद किया। सींचेवाल ने कहा कि उन्होंने (भारतीय दूतावास) ने इन लड़कियों की शीघ्र पहचान करने तथा उन्हें वापस भेजने में बड़ी भूमिका निभाई है।
यह बताई पीड़ित लड़कियों ने अपनी कहानी
पीड़ित लड़कियों ने बताया कि वे मई, जून और जुलाई माह में इराक गई थीं। कहा कि इराक पहुंचते उनके पासपोर्ट छीन लिए गए। कई दिनों तक उन्हें खाना नहीं दिया साथ-साथ उनकी पिटाई की। वे अपने घर की गरीबी दूर करने का सपना लेकर घर से निकली थीं।
लेकिन वहां पहुंचने पर उनके सपने तब टूट गए जब उन्हें पता चला कि उन्हें वहां ट्रेवल एजेंटों ने बेच दिया है। लड़कियों ने बताया कि जहां उनके साथ मारपीट की गई, वहीं उनसे गलत काम में भी धकेलने की कोशिश की गई। मस्कट से वापस आई लड़की ने कहा कि उसे भी वहां के ट्रैवल एजेंट ने फंसा लिया था।
वहां पहुंचते ही उनकी तबीयत खराब हो गई, लेकिन फिर भी एजेंट की तरफ से जबरदस्ती उसे घरों में काम करने के लिए मजबूर किया।